जामुड़िया :- जामुड़िया थाना अंतर्गत बीजपुर इलाके में अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में पुलिस ने गणेश गोराई नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रविवार रात जामुड़िया थाने की पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। इस अभियान में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान जब आरोपी गणेश गोराई को उसके खिलाफ मिली अवैध शराब बिक्री की शिकायत के बारे में बताया गया, तो उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद आरोपी ने खुद पुलिस को वह जगह दिखाई जहाँ शराब छुपाकर रखी गई थी। पुलिस ने आरोपी की पत्नी की मौजूदगी में सभी कानूनी नियमों का पालन करते हुए तलाशी ली और मौके से 120 बोतल देसी व विदेशी शराब जब्त की। जामुड़िया थाना प्रभारी सौमेंद्र सिंह ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने अवैध शराब को सीज कर गणेश गोराई को हिरासत में ले लिया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश किया गया, जहाँ न्यायाधीश ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए उसे जेल हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
दूसरी ओर, आरोपी की पत्नी रूपा देवी ने बताया कि उनके पति शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। वे पिछले 25 वर्षों से अवैध रूप से शराब बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी दुकान का कोई लाइसेंस नहीं था, लेकिन पति की शारीरिक अक्षमता के कारण कोई दूसरा काम करना संभव नहीं था, इसलिए उन्हें मजबूरी में यह रास्ता चुनना पड़ा।



0 Comments