सोशल मीडिया पर अत्याधुनिक हथियार के साथ फोटो पोस्ट करने वाले कालीघाट थाना के OC सस्पेंड

कोलकाता :- कोलकाता के कालीघाट थाने के प्रभारी (OC) गौतम दास को सोशल मीडिया पर अत्याधुनिक हथियार के साथ अपनी तस्वीर साझा करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। उनके स्थान पर चमेली मुखर्जी को कालीघाट थाने की नई कमान सौंपी गई है। यह कार्रवाई तृणमूल कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग व कोलकाता पुलिस से शिकायत करने के बाद हुई है। आगामी 4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना होनी है और उससे ठीक पहले कालीघाट थाना के प्रभारी को सस्पेंड किया जाना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 

दरअसल, 1 मई यानी मजदूर दिवस के अवसर पर इंस्पेक्टर गौतम दास ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर पुलिस वर्दी में एक फोटो पोस्ट की थी, जिसमें वे एक परिष्कृत हथियार ताने हुए नजर आ रहे थे। इस तस्वीर के साथ उन्होंने "रेडी फॉर न्यू असाइनमेंट" (नए कार्य के लिए तैयार) का कैप्शन भी लिखा था। शिकायत में कहा गया कि यह कृत्य न केवल आपत्तिजनक है बल्कि कोलकाता पुलिस के सोशल मीडिया दिशा-निर्देशों का भी सीधा उल्लंघन है, जो ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों को वर्दी में ऐसी तस्वीरें साझा करने से रोकता है। चुनाव आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से दास को निलंबित कर दिया। फिलहाल, मतगणना से ठीक पहले हुए इस प्रशासनिक बदलाव ने राजनीतिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है।

Post a Comment

0 Comments