दक्षिण 24 परगना की फालता विधानसभा सीट पर कड़ी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर गुरुवार सुबह सात बजे से पुनर्मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस सीट पर बीते 29 अप्रैल को मतदान हुआ था, लेकिन कई बूथों से धांधली की शिकायतें मिलने के बाद निर्वाचन आयोग ने यहां दोबारा वोटिंग कराने का फैसला किया। इस बार चुनाव को पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय बलों की 35 कंपनियां तैनात की गई हैं। फलता के प्रत्येक बूथ की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय बलों के एक सेक्शन के जवानों को सौंपी गई है, जबकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) भी मुस्तैद है। 



फलता में सुबह 11 बजे तक हुआ 42.83% मतदान, सुबह 9 बजे तक 20.47% मतदान हुआ है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आज सभी बूथों पर फिर से लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। इस पुनर्मतदान में एक बेहद दिलचस्प राजनीतिक समीकरण भी देखने को मिल रहा है, जहां फलता सीट पर भाजपा के लिए राह काफी आसान मानी जा रही है। मतदान से महज 48 घंटे पहले तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनावी मैदान से हटने की घोषणा कर दी थी, जिससे तृणमूल कांग्रेस इस रेस से बाहर हो गई है। हालांकि, तकनीकी रूप से ईवीएम मशीन पर उनका नाम और पार्टी का प्रतीक चिन्ह अभी भी मौजूद रहेगा। टीएमसी उम्मीदवार के पीछे हटने के बाद अब इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा, माकपा (सीपीएम) और कांग्रेस के बीच सिमट गया है।

Post a Comment

0 Comments