दुर्गापुर :- दुर्गापुर बैराज पर आपातकालीन मरम्मत और नए स्पिलवे गेट लगाने के कार्य को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार आगामी 5 जून से 9 जून तक लगातार पांच दिनों तक रात के समय दुर्गापुर बैराज रोड पर पूरी तरह से यातायात बंद रहेगा। प्रतिदिन रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक किसी भी प्रकार के वाहन को बैराज रोड से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इस दौरान बैराज पर कई महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य किए जाएंगे। इसमें नए स्पिलवे गेट की स्थापना, पुराने और क्षतिग्रस्त गेटों को बदलना तथा ट्रेस्टल ब्रिज की रंगाई और अन्य मरम्मत कार्य शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि कार्य के दौरान भारी क्रेन और अत्याधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसके कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचने और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। इस कारण आम लोगों, कार्यालय जाने वाले यात्रियों तथा मालवाहक वाहनों के चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने सुझाव दिया है कि वाहन चालक बांका-रानीगंज रोड, 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर 14 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग या फिर अंडाल-उखड़ा मार्ग का इस्तेमाल करें।प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित समय के दौरान बैराज रोड से यात्रा करने से बचें ताकि मरम्मत कार्य समय पर और सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके।

.jpeg)
0 Comments