आसनसोल :- आसनसोल नगर निगम के मेयर के ऑफिस से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर हटाकर उनके जगह पर देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की तस्वीर लगाई जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता मेयर विधान उपाध्याय के चेंबर में घुस गए और उन्होंने वहां लगी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर को हटा दिया और उसकी जगह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की तस्वीरें लगा दीं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मेयर के इस्तीफे की मांग को लेकर चेंबर के भीतर जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन भी किया।
इस घटना के सामने आने के बाद तृणमूल कांग्रेस खेमे में भारी आक्रोश है। घटना के प्रतिवाद में मेयर विधान उपाध्याय के नेतृत्व में नगर निगम के कई पार्षद, बोरो चेयरमैन और मेयर परिषद के सदस्य (एमआईसी) एकजुट होकर सीधे जिलाधिकारी (डीएम) के पास पहुंचे। उन्होंने इस पूरी घटना को लेकर जिलाधिकारी को एक लिखित शिकायत सौंपी, जिसमें पूरे घटनाक्रम का विस्तृत विवरण दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए मेयर विधान उपाध्याय ने कहा कि सरकारी दफ्तर के भीतर इस तरह की अमर्यादित घटना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और यह पूरी तरह से लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने साफ किया कि इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और जिलाधिकारी से शिकायत करने के बाद अब इस पूरे प्रकरण को लेकर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर के पास भी एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी ताकि हुड़दंग करने वालों पर कानूनी शिकंजा कसा जा सके।



0 Comments