Asansol में पुलिस ने किया लोहा तस्करी का पर्दाफाश, 10 आरोपी गिरफ्तार

आसनसोल :- आसनसोल के बाराबनी थाना क्षेत्र में स्क्रैप और लोहे की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। बाराबनी थाने की पुलिस ने गश्त के दौरान भारी मात्रा में अवैध लोहे के सामान के साथ 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस की टीम सड़क पर नियमित गश्त कर रही थी, तभी उन्होंने देखा कि चुरुलिया की तरफ से दो पिकअप वैन बेहद तेज गति से आ रही हैं और उनके पीछे एक सफेद रंग की कार चल रही है। संदेहास्पद स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोतारामा मोड़ के पास बैरिकेडिंग कर तीनों गाड़ियों को रोक लिया। जब गाड़ियों में सवार लोगों से पूछताछ की गई कि वे कहां से आ रहे हैं और गाड़ियों में क्या लदा है, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। 



इसके बाद जब पुलिस ने उनसे माल से जुड़े वैध कागजात (पेपर्स) दिखाने को कहा, तो वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। कागजात दिखाने में नाकाम रहने पर पुलिस ने तुरंत तीनों गाड़ियों को जब्त कर लिया और आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। थाने में भी आरोपियों को पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन वे लोहे से संबंधित कोई वैध बिल या पेपर नहीं दिखा सके। इसके बाद जब पुलिस ने गाड़ियों की गहन तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में चोरी का लोहा और लोहे की सामग्रियां बरामद हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गाड़ियों में सवार सभी 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए सभी 10 आरोपियों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया।

Post a Comment

0 Comments