आसनसोल: शुक्रवार की रात आसनसोल उत्तर थानांतर्गत रेलपार जहांगीरी मोहल्ला में मस्जिद से माइक की आवाज धीमी करने की बात को केन्द्र कर दो गुटों में व्यापक झड़प हुयी। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए एक दल लोगों ने जहांगीरी मोहल्ला पुलिस आउट पोस्ट का घेराव किया और बाद में जमकर तोड़फोड़ की। इस घटना पर अपनी तिखि प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाना, पुलिस पर हमला करना, कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और सरकारी सम्पति का भरपाई भी अभियुक्तों से लेकर किया जाएगा। पुलिस को कड़े निर्देश मिलने के बाद शनिवार की सुबह से लेकर रात तक जमकर अभियान चलाया एवं पुलिस चैकी में तोड़फोड़ करने वाले 26 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। जिन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया उनके नाम मोहम्मद चांद उर्फ राहूल, मोहम्मद शहाबुद्दीन, मोहम्मद महसिन नाजिर, मोहम्मद सलमन, मोहम्मद सद्दाम, मोहम्मद सुराज, मोहम्मद जावेद अंसारी, मोहम्मद इसराफिल, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद नौशाद, मोहम्मद सलीम अहमद रजा, मोहम्मद शमशाद, मोहम्मद वासिम, मोहम्मद परवेज, मोहम्मद हसनाइन, मोहम्मद अबीर, मोहम्मद हसन, आकिब खान, मोहम्मद इरशाद, मोहम्मद अस्लाम, शहनावाज हुसैन, मोहम्मद जाबिद, मोहम्मद सोनू व मोहम्मद सरफरोज है। इन सभी को रविवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। जहां इनकी जमानत याचिका खारिज कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस चौकी पर हुए हमले की सीसीटीवी फुटेज और अन्य मोबाइल फुटेजों की बारिकी से छानबीन कर अभियुक्तों को चिन्हित किया जा रहा है और उसके बाद छापेमारी की जा रही है। आसनसोल रेलपार के जहांगीरी मोहल्ला में स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस पिकेट बैठायी गयी है और हर घण्टे पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी बीच, रविवार को आसनसोल नगर निगम के सभाकक्ष में पुलिस प्रशासन की ओर से समन्वय बैठक बुलायी गयी। जहां मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च के धर्मगुरु एवं प्रबंधन कमेटी के सदस्य उपस्थित थे। इस बैठक में राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए माइक बजाने की विधि को समझाया गया और उसे मानने का अनुरोध किया गया।
0 Comments