आसनसोल: मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने सोमवार को अपने विधानसभा केन्द्र कोलकाता भवानीपुर के कैमिक स्ट्रीट से आसनसोल की घटना का जिक्र करते हुए कहा था कि उपद्रवियों को किसी भी तरह से छोड़ा नहीं जाएगा। इनके पास से 200 प्रतिशत मुआवजा वसूला जाएगा। हर उपद्रवी के पाॅकेट से सरकारी नुकसान की भरपाई की जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी के इस निर्देश के बाद मंगलवार को आसनसोल उत्तर थानांतर्गत रेलपार जहांगीरी मोहल्ला इलाके में पुलिस ने माइकिंग की एवं मुआवजा की प्रक्रिया तेज की। जहांगीरी मोहल्ला पुलिस चौकी में तोड़फोड़ के आरोपियों से मुआवजा या भरपाई के लिए माइकिंग की। साथ ही साथ पोस्टर भी लगाए।
इस मामले में अब तक 31 लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है और अन्य अभियुक्तों की पहचान अब भी जारी है। इस दिन जहांगीरी मोहल्ला के जगह-जगह पर पोस्टर लगायी गयी। इस पोस्टर में कहा गया है कि 15 May शुक्रवार की रात आसनसोल रेलपार के जहांगीरी मोहल्ला पुलिस चौकी में की गयी तोड़फोड़ से संबंधित जो भी सरकारी सम्पति को नुकसान हुआ है उस नुकसान का सामुहिक क्षतिपूर्ण निर्धारण हेतु सरकारी प्रक्रिया आरंभ की गयी है और यह प्रक्रिया पश्चिम बंगाल मेंटेंशन पब्लिक आॅर्डर एक्ट के तहत की जा रही है। यदि किसी व्यक्ति को इस घटना के संबंध में कोई जानकारी देनी हो अथवा इस प्रस्ताविक सामुहिक क्षतिपूर्ण के संबंध में कोई आपत्ति या निवेदन प्रस्तुत करना है तो निर्धारित समय के भीतर संबंधित पदाधिकारी के पास प्रस्तुत कर सकते है। इस क्षेत्र के सभी निवासियों को सूचित किया जाता है कि वे इस मामले को गंभीरता से ले और हमारी सहायता करे। इस तरह के पोस्टर पुलिस-प्रशासन द्वारा रेलपार इलाके में लगाए गए है। साथ ही साथ माइकिंग भी की गयी है। इस बारे में आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस कमिश्नर डाॅ.प्रवीण कुमार ने कहा कि इस मामले में कार्यवाही शुरु कर दी गयी है। सोमवार को होम डिपार्टमेंट से ऑर्डर हुआ है और हमारे असिस्टेंट कमिश्नर को जांच अधिकारी बनाया गया है। सरकारी प्रॉपर्टी का क्या नुकसान हुआ है, इस वैल्यूएशन किया जा रहा है। एसेसमेंट के बाद ही भरपाई की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।
इस दिन पुलिस कमिश्नर डाॅ.प्रवीण कुमार इस मामले को लेकर अपने अन्य अधिकारियों से बातचीत की एवं स्वयं आसनसोल उत्तर थाने का दौरा किया।
0 Comments