Asansol में SAIL ISP का बड़ा एक्शन, TMC के बाद CPIM और कांग्रेस के ऑफिस पर चला बुलडोजर


आसनसोल :- आसनसोल स्थित बर्नपुर में सेल आईएसपी (SAIL-ISP) द्वारा अपनी जमीनों पर किए गए अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़े पैमाने पर उच्छेदन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को बर्नपुर गुरुद्वारा के समीप स्थित सीपीएम के पार्टी कार्यालय को आईएसपी प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इससे पहले भी पिछले कुछ दिनों के भीतर बर्नपुर के अलग-अलग इलाकों में सेल की जमीनों पर बने TMC के कई कार्यालयों को तोड़ा जा चुका है। सीपीएम के बाद आईएसपी का बुलडोजर बर्नपुर के अपर रोड इलाके में पहुंचा, जहां कांग्रेस पार्टी के कार्यालय को भी जमींदोज कर दिया गया।


आईएसपी अधिकारियों का साफ कहना है कि ये सभी राजनीतिक कार्यालय उनकी अधिग्रहित भूमि पर बिना किसी वैध अनुमति के बनाए गए थे, जिसके कारण यह दंडात्मक कार्रवाई की गई है। दूसरी तरफ, कांग्रेस कार्यालय तोड़े जाने के बाद स्थानीय स्तर पर तनाव का माहौल बन गया और कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई पर कड़ा आक्रोश जताया। एक स्थानीय कांग्रेस नेता ने बताया कि इस कार्यालय का निर्माण साल 1982 में हुआ था और 1984 में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की हत्या के बाद यहां एक शहीद वेदी भी बनाई गई थी। आरोप है कि आईएसपी के अधिकारी इस शहीद वेदी को भी तोड़ना चाहते थे, लेकिन स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के भारी विरोध व तीखे तेवरों को देखते हुए वे पीछे हट गए, जिसके चलते शहीद वेदी सुरक्षित रह गई लेकिन कार्यालय को पूरी तरह ढहा दिया गया।


कांग्रेस नेतृत्व ने इस पूरी कार्रवाई के राजनीतिकरण का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। स्थानीय नेताओं का कहना है कि राज्य में तीन दशकों से अधिक समय तक वामपंथियों और फिर करीब 15 सालों तक टीएमसी का शासन रहा, लेकिन कभी इस ऐतिहासिक कांग्रेस कार्यालय को छुआ तक नहीं गया। आरोप लगाया गया कि नई भाजपा सरकार बनने के अभी एक महीने भी पूरे नहीं हुए हैं और बंगाल में 'बुलडोजर संस्कृति' की शुरुआत कर दी गई है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित बताते हुए सभी राजनीतिक दलों और आम जनता से इस बुलडोजर संस्कृति के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments