आसनसोल :- आसनसोल के बर्नपुर इलाके में इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) प्रबंधन की ओर से अवैध निर्माणों के खिलाफ पिछले कुछ दिनों से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को वार्ड नंबर ९८ इलाके में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की स्थानीय पार्षद कहकशा रियाज खुशी के कार्यालय को बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया गया। आईएसपी प्रशासन का साफ कहना है कि यह कार्यालय अवैध रूप से संस्था की मालिकाना हक वाली जमीन पर बनाया गया था, जिसे अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यह कदम उठाना जरूरी था।
इस कार्रवाई को लेकर जब टीएमसी पार्षद कहकशा रियाज खुशी से बात की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि जिस जमीन पर उनका कार्यालय बना हुआ था, वह आईएसपी की ही संपत्ति थी। उन्होंने बताया कि वह इसी कार्यालय से जनता की समस्याओं को सुनती थीं और पार्षद के रूप में अपने सारे काम यहीं से संचालित करती थीं। पार्षद ने दावा किया कि उन्होंने चुनाव से पहले ही आईएसपी प्रबंधन को आश्वस्त किया था कि चुनाव संपन्न होने के बाद वे खुद इस जगह को खाली कर देंगी, लेकिन उससे पहले ही आज इसे प्रशासनिक तौर पर तोड़ दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए टीएमसी पार्षद ने कहा कि यह अच्छी बात है कि आईएसपी अपनी जमीन वापस अपने कब्जे में ले रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जमीन को वापस लेने के बाद आईएसपी इस जगह का उपयोग लोकहित और विकास कार्यों के लिए करेगा, क्योंकि टीएमसी कभी भी किसी विकास कार्य में बाधा उत्पन्न नहीं करना चाहती। इसके साथ ही उन्होंने आईएसपी प्रबंधन को सचेत करते हुए कहा कि जमीन को अपने कब्जे में लेने के बाद वे इसे खाली न छोड़ें, बल्कि तुरंत इस पर काम शुरू करें, ताकि भविष्य में कोई दूसरा राजनीतिक दल या संगठन इस पर दोबारा अवैध कब्जा न कर सके।




0 Comments