आसनसोल :- आसनसोल के सेंट विंसेंट स्कूल में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ समर कैंप में हिस्सा लेने आए आद्रिक हिलिरियन (16) नामक छात्र की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। मृतक छात्र आसनसोल के चेली डंगाल इलाके का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वर्तमान में सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां होने के बावजूद इस स्कूल में समर कैंप का आयोजन किया गया था, जिसमें यह छात्र शामिल होने आया था।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता दुर्गेश नागी मौके पर पहुंचे और उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि किन परिस्थितियों में छात्र की डूबकर मौत हुई, इसकी सच्चाई सामने आना जरूरी है। इसके लिए उन्होंने स्विमिंग पूल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कही।
वहीं, घटना की खबर मिलते ही आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के निर्देश पर भाजपा नेता मधुसूदन दे भी तुरंत अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस घटना के बाद से छात्र के परिवार और स्थानीय इलाके में शोक का माहौल है।




0 Comments