Asansol के एलोक्वेंट स्टील फैक्ट्री के बाहर मजदूरों का जोरदार प्रदर्शन, काम ठप

आसनसोल :- आसनसोल के सालानपुर ब्लॉक अंतर्गत देंदुआ-कल्याणेश्वरी इलाके में स्थित एलोक्वेंट स्टील प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के बाहर शुक्रवार को मजदूरों ने काम बंद कर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलन के कारण बड़ी संख्या में श्रमिकों के न पहुंचने से फैक्ट्री का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन वर्षों से उनका शोषण कर रहा है। उन्हें योग्यता और सरकारी नियमों के अनुसार न्यूनतम वेतन नहीं दिया जाता और निर्धारित 8 घंटे के बजाय जबरन 12 घंटे तक काम कराया जाता है। इसके अलावा कारखाने के भीतर स्वास्थ्य और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम नहीं हैं।


मजदूरों ने बताया कि एक सप्ताह पहले उन्होंने गंगाजल हाथ में लेकर अनोखा विरोध जताया था, जिस पर प्रबंधन ने विचार के लिए 7 दिनों का समय मांगा था। तय समय बीतने के बाद भी कोई सकारात्मक कदम न उठाए जाने पर मजदूर दोबारा सड़क पर उतरने को मजबूर हुए। स्थानीय आंदोलनकारी नेता अमर महतो के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया गया कि फैक्ट्रियों में लंबे समय से सिंडिकेट राज के जरिए मजदूरों को प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा विधायक ने श्रमिकों को हक दिलाने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद अब श्रमिक एकजुट हुए हैं। मजदूरों ने मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

Post a Comment

0 Comments