आसनसोल :- एक अनियंत्रित हाइड्रा गाड़ी की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा बुधवार को सालानपुर थाने के अंतर्गत आने वाले फुलबेड़िया हनुमान मंदिर के पास ट्रांसपोर्ट रोड पर हुआ। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मंगल बाउरी के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव और दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन को रोककर काफी देर तक जोरदार प्रदर्शन किया।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक मंगल बाउरी मूल रूप से जेमरी गांव के रहने वाले थे, लेकिन वह फुलबेड़िया गांव में अपने ससुराल में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। रोजाना की तरह बुधवार सुबह भी वह अपनी साइकिल से एक निजी कारखाने में काम पर जा रहे थे, लेकिन बीच रास्ते में अचानक उनकी साइकिल खराब हो गई, जिसके बाद वह फुलबेड़िया स्थित अपने घर की तरफ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान फुलबेड़िया हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार से आ रही ईसीएल की हाइड्रा गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंगल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी वाहन को घेरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाने की पुलिस और केंद्रीय बल की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे और इलाके में यातायात नियंत्रण की मांग पर अड़े रहे। उनका साफ कहना था कि जब तक पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक वे शव को नहीं उठाने देंगे।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इस इलाके में दुर्घटनाएं अब रोज की बात हो गई हैं। ईसीएल प्रबंधन की भारी लापरवाही और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण बार-बार आम लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि कोयलांचल क्षेत्र में चलने वाले डंपर और अन्य भारी वाहनों को अक्सर मुख्य चालकों के बजाय उनके खलासी (हेल्पर) चलाते हैं। इन अप्रशिक्षित चालकों की वजह से ही आज फुलबेड़िया की सड़क पर एक और मासूम की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे और लोगों के गुस्से को लेकर जब ईसीएल प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनकी तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है जो स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहा है।






0 Comments