Asansol के हटन रोड पर भारी जलजमाव, आंधी-बारिश को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट

आसनसोल :- कई दिनों की भीषण गर्मी और उमस के बाद शुक्रवार को आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र सहित पूरे दक्षिण बंगाल के मौसम ने अचानक करवट बदली। दोपहर के समय आसमान में काले बादल छाने के साथ ही तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मूसलाधार प्री-मानसून बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिली। हालांकि, इस राहत की बारिश ने आसनसोल शहर के हटन रोड इलाके के निवासियों और राहगीरों के लिए मुसीबत भी खड़ी कर दी। बारिश थमते ही हटन रोड की मुख्य सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे पूरी यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उचित ड्रेनेज सिस्टम न होने के कारण हर साल हल्की बारिश में भी यह इलाका जलमग्न हो जाता है, जिसके स्थायी समाधान के लिए प्रशासन से गुहार लगाई गई है।


दूसरी ओर, अलीपुर मौसम विभाग ने कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के सभी जिलों के लिए आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, झारखंड के ऊपर बने एक चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर प्रदेश से आंध्र प्रदेश तक फैली ट्रफ रेखा के कारण यह मौसमी बदलाव आया है। इसके प्रभाव से आगामी २४ घंटों के दौरान ६० से ७० किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात होने की आशंका है। इस मौसमी सिस्टम के कारण पश्चिम बंगाल और ओडिशा से सटे तटीय इलाकों में समुद्र बेहद अशांत हो गया है, जिसके मद्देनजर मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले २४ घंटों तक समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में आंधी-बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा, जिससे अगले कुछ दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है। हालांकि, रविवार से इस तूफान की तीव्रता और बारिश की मात्रा में कमी आने लगेगी और जून के पहले सप्ताह से एक बार फिर क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ने की संभावना जताई गई है।

Post a Comment

0 Comments