Asansol में अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का अभियान, अवैध संचालक फरार


आसनसोल (राम बाबू यादव) :- राज्य में नई सरकार के गठन के बाद से ही प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए लगातार कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अवैध पार्किंग को लेकर राज्य सरकार के सख्त रुख के बाद, शुक्रवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग ने एक बड़ा अभियान चलाया। पुलिस की टीम ने आसनसोल के हटन रोड से लेकर उषाग्राम तक के सभी पार्किंग स्थलों पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान जिन भी पार्किंग स्थलों के दस्तावेज अवैध पाए गए, वहां से किसी भी प्रकार की शुल्क वसूली पर अस्थायी तौर पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम लोग इन जगहों पर अपने वाहन सामान्य रूप से पार्क कर सकते हैं, लेकिन उनसे कोई पैसा नहीं वसूला जाएगा। वहीं, वैध दस्तावेजों वाली पार्किंग को पहले की तरह ही सुचारू रूप से संचालित करने की अनुमति दी गई है।


पुलिस के इस अचानक शुरू हुए ऑपरेशन से अवैध पार्किंग चलाने वाले सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है। अभियान के दौरान एक दिलचस्प वाकया तब देखने को मिला जब पुलिस अधिकारी आसनसोल ईस्टर्न रेलवे स्कूल के सामने बने पार्किंग क्षेत्र में पहुंचे। पुलिस को देखते ही वहां का मुख्य संचालक बप्पा रॉय मौके से भाग खड़ा हुआ। वहां काम कर रहे रंजन नामक एक स्थानीय कर्मचारी ने बताया कि यह पार्किंग पूरी तरह अवैध थी, इसीलिए पुलिस को आता देख बप्पा रॉय वहां से फरार हो गया। पुलिस की इस सख्त और मुस्तैद कार्रवाई के परिणामस्वरूप आज हटन रोड से लेकर उषाग्राम तक अवैध रूप से पार्किंग का काला कारोबार करने वाले संचालकों में भारी दहशत का माहौल देखा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments