आसनसोल :- आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी बुधवार को आसनसोल नगर निगम पहुंचे। विधायक निर्वाचित होने के बाद यह उनका नगर निगम का पहला दौरा था, जहां पहुंचने पर उन्हें सम्मानित भी किया गया। इस दौरान उन्होंने आसनसोल नगर निगम के सचिव से मुलाकात की और क्षेत्र की नागरिक सुविधाओं सहित कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत बातचीत की।
मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए विधायक कृष्णेन्दू मुखर्जी ने तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद आसनसोल नगर निगम की प्रशासनिक स्थिति पूरी तरह डांवाडोल हो गई है। इलाके में पानी, सड़क और जल निकासी की गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि आसनसोल नगर निगम में अब तक जो मनमानी और गड़बड़ियां होती आई हैं, वे अब बिल्कुल नहीं चलेंगी। राज्य सरकार भ्रष्टाचार को लेकर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है और आसनसोल नगर निगम को भी इसी नियम के हिसाब से चलना होगा। अब यहां किसी भी तरह का कटमनी या सिंडिकेट राज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि हटन रोड पर लगने वाले भीषण जाम की समस्या को लेकर आसनसोल नगर निगम और डीसी के साथ बातचीत हुई है। इस समस्या के समाधान के लिए धीरे-धीरे काम किया जाएगा और सड़क किनारे से अतिक्रमण भी हटाया जाएगा ताकि आम जनता को राहत मिल सके। राज्य के बदले राजनीतिक परिवेश में भाजपा विधायक का यह कड़ा रुख नगर निगम के गलियारों में भारी चर्चा का विषय बना हुआ है।


0 Comments