आसनसोल के बाद अब रानीगंज बोरो ऑफिस से भी हटी ममता बनर्जी की फोटो

रानीगंज :- पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सरकारी दफ्तरों से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीरें हटाने का सिलसिला तेज हो गया है। आसनसोल नगर निगम के बाद बुधवार को रानीगंज दो नंबर बोरो ऑफिस से भी ममता बनर्जी की तस्वीर हटा दी गई। भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बोरो चेयरमैन मुज्जमिल हुसैन शहजादा से मुलाकात की। इसके बाद बोरो चेयरमैन के चेंबर में देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की तस्वीरें लगाई गई। 

बुधवार को भाजपा के रानीगंज शहर मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता बोरो ऑफिस पहुंचे और चेयरमैन मुजम्मिल हुसैन शहजादा से मुलाकात की। इस मौके पर भाजपा की जिला कमेटी के सदस्य मनोज ओझा, आनंद साव, बादशाह चटर्जी, मोनू वर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। भाजपा नेताओं ने अपील की कि नई प्रशासनिक व्यवस्था के तहत पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर हटाई जानी चाहिए, जिसके बाद तस्वीर को ससम्मान हटा दिया गया। अब वहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की तस्वीरें लगा दी गई हैं।


इस पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह ने कहा कि सरकारी दफ्तर किसी व्यक्ति विशेष के नहीं होते। जनता ने परिवर्तन चुना है और अब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में नई सरकार है, इसलिए प्रशासनिक कार्यालयों में देश की राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री के साथ वर्तमान मुख्यमंत्री की ही तस्वीर होनी चाहिए। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही आसनसोल नगर निगम में मेयर विधान उपाध्याय के दफ्तर से भी ममता बनर्जी की तस्वीर हटाई गई थी।

Post a Comment

0 Comments