कोलकाता :- राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों के बाद अब राज्य की बीजेपी सरकार ने सभी मदरसों में भी कक्षाएं शुरू होने से पहले सुबह की प्रार्थना सभा में 'वंदे मातरम' गाना अनिवार्य कर दिया है। मदरसा शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में एक नया दिशा-निर्देश जारी किया गया है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद ही यह आदेश जारी हुआ है, जो राज्य के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त मदरसों पर तुरंत प्रभावी होगा। इससे पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में पत्रकारों से कहा था कि सभी स्कूलों में 'वंदे मातरम' अनिवार्य किया जाएगा, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने विस्तृत अधिसूचना जारी की थी। अब इसी क्रम में मदरसों के लिए भी नया नियम लागू कर दिया गया है। हालांकि, सरकार के इस फैसले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में काफी विवाद भी शुरू हो गया है।
पश्चिम बंगाल सरकार के मदरसा शिक्षा निदेशालय ने राज्य के सभी मदरसों में कक्षाएं शुरू होने से पहले सुबह की प्रार्थना सभा (असेंबली) में 'वंदे मातरम' गाना अनिवार्य कर दिया है। सरकार की ओर से 19 मई 2026 को जारी एक आधिकारिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह नियम पुराने सभी आदेशों और प्रथाओं को रद्द करते हुए तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। मदरसा शिक्षा विभाग के निदेशक द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश के दायरे में राज्य के सभी सरकारी मॉडल मदरसे (अंग्रेजी माध्यम), मान्यता प्राप्त सरकारी सहायता प्राप्त मदरसे, स्वीकृत एमएसके (MSK), एसएसके (SSK) और मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त मदरसे आएंगे। अल्पसंख्यक मामले और मदरसा शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले इन सभी संस्थानों को इस आदेश का कड़ाई से पालन करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह निर्देश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है और इसकी प्रतियां सभी जिलाधिकारियों सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई हैं।



0 Comments