आसनसोल में अकीदत के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा, पूर्व मंत्री मलय घटक पहुंचे ईदगाह


आसनसोल :- गुरुवार को पूरे विश्व के साथ-साथ आसनसोल में भी मुस्लिम समुदाय का पवित्र त्योहार बकरीद (ईद-उल-अजहा) बेहद अकीदत के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर आसनसोल के मुर्गासोल इलाके में स्थित ऐतिहासिक ईदगाह में विशेष नमाज अदा की गई। सुबह से ही नए वस्त्र पहनकर बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबी ईदगाह पहुंचने लगे थे, जहां सभी ने एक साथ मिलकर खुदा की बारगाह में सिर झुकाया और देश में अमन-चैन व भाईचारे की दुआ मांगी।

इस्लाम धर्म में बकरीद का विशेष महत्व है। यह त्योहार पैगंबर हजरत इब्राहिम द्वारा अल्लाह की राह में दी गई महान कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। यह पर्व हमें त्याग, आत्मसमर्पण, करुणा और दूसरों की मदद करने का संदेश देता है। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।


इस खास मौके पर राज्य के पूर्व मंत्री मलय घटक भी नमाजियों का हौसला बढ़ाने और बधाई देने ईदगाह पहुंचे। उन्होंने कहा कि पूरे देश की तरह आसनसोल में भी बकरीद पूरे पारंपरिक श्रद्धा भाव से मनाया जाता है। हमारी सबसे बड़ी ताकत यह है कि यहां सभी धर्मों के लोग सदियों से मिलजुल कर रहते हैं और एक-दूसरे के त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। वहीं ईदगाह कमेटी के मोहम्मद जलील ने पूर्व मंत्री की उपस्थिति पर आभार जताते हुए कहा कि आसनसोल की यही गंगा-जमुनी तहजीब हमारे देश की असली खूबसूरती है, जहां सभी मिलकर हर खुशी को साझा करते हैं।

Post a Comment

0 Comments