दूर्गापुर (राम बाबू यादव) :- अपनी ही महिला मित्र के घर से सोने के गहने, विदेशी मुद्रा और नकदी चोरी कर दुबई भागने की साजिश रच रहे एक आरोपी को दूर्गापुर के कांकसा की मलानदीघी फाड़ी की पुलिस ने कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम गोपी मोदी है, जो झारखंड के झरिया का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, बीती 13 मई को कांकसा के बामुनआरा इलाके की रहने वाली एक महिला के सूने घर में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। शिकायत मिलने पर मलानदीघी चौकी प्रभारी राजेश भट्टाचार्य के नेतृत्व में जांच शुरू हुई। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन ट्रैक करने के बाद एएसआई शेख अली सुर की टीम ने कोलकाता एयरपोर्ट पर छापेमारी कर आरोपी गोपी मोदी को उस वक्त दबोचा जब वह दुबई भागने की तैयारी में था। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ कर आरोपी के पास से डॉलर, नकदी और सोने के आभूषण समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान बरामद कर लिया गया है। बुधवार को आरोपी को दोबारा दुर्गापुर अनुमंडल न्यायालय में पेश करने पर १४ दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।




0 Comments