रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में त्रिदिवसीय सामाजिक विज्ञान क्षमता संवर्धन कार्यशाला संपन्न


रानीगंज :- रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में प्राथमिक एवं मध्य स्तर के शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय सामाजिक विज्ञान (क्लस्टर-1) क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। डीएवी की क्षेत्रीय अधिकारी पापिया मुखर्जी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में 6 कुशल प्रशिक्षकों और 43 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नवाचारों और नई तकनीकों से समृद्ध करना था।

तीन दिनों के इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर बारीकी से चर्चा की गई। प्रथम दिन के सत्र में प्रयोगशाला आधारित शिक्षण, जिज्ञासु दृष्टि, अवलोकन की शक्ति और सामाजिक विज्ञान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के व्यावहारिक उपयोग पर प्रशिक्षण दिया गया, जिससे बच्चों में सोचने-समझने की क्षमता विकसित की जा सके। दूसरे दिन मानचित्र की मूल बातें, प्रभावशाली प्रश्नों का निर्माण और विद्यार्थियों की सोच को दिशा देने वाली शिक्षण विधियों पर प्रकाश डाला गया। अंतिम दिन कहानी कहने की कला, रचनात्मक पद्धतियाँ, नवाचारी शिक्षण और समूह प्रस्तुति के महत्व को समझाया गया, जो प्राथमिक स्तर पर बच्चों की बुनियादी समझ को मजबूत बनाने में बेहद सहायक है। प्रतिभागी शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों में गहरी रुचि दिखाई। लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रचार्या मंदिरा दे ने बताया कि शिक्षकों के स्तर को और अधिक आधुनिक एवं उच्चतर बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर होता रहेगा।

Post a Comment

0 Comments