रानीगंज :- पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन और अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की रानीगंज शाखा के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को करियर मार्गदर्शन पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। श्री श्री सीताराम जी भवन में आयोजित यह कार्यक्रम विशेष रूप से महिलाओं, युवक-युवतियों और स्थानीय परिवारों के मार्गदर्शन के लिए रखा गया था। कार्यक्रम की शुरुआत कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई।
इसके बाद प्रसिद्ध उद्योगपति विमल पटवारी ने 'व्यापार का विस्तार कैसे करें और करियर मार्गदर्शन' विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने युवाओं को नौकरी के पीछे भागने के बजाय व्यवसाय के क्षेत्र में अपना भविष्य संवारने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में व्यापार का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, जिसे देखते हुए व्यवसायियों को इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन व्यापार पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने व्यापारियों और उनके कर्मचारियों के बीच बेहतर कामकाजी संबंधों पर भी अपनी बात रखी। वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट विकास जैन ने 'व्यापारिक विकास और आत्म-विकास' के गुर सिखाए। धार्मिक सत्र में गीता मिशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. स्वामी चिदानंद ब्रह्मचारी महाराज ने संस्कारवान माता-पिता और संस्कारी समाज के निर्माण पर अपना व्याख्यान दिया, जबकि ओडिशा राज्य ब्राह्मण परिषद की अध्यक्ष कामेश्वरानंद ब्रह्मचारी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों की शंकाओं का समाधान करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की रानीगंज शाखा के अध्यक्ष ओमप्रकाश बाजोरिया, सचिव विमल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अनिल तोडानी, मुख्य सलाहकार राजेंद्र प्रसाद खेतान, सलाहकार अरुण भारतीया, मार्गदर्शक अनिल लोहारवाला, नारी चेतना मंच की ओर से स्वीटी लोहिया, वाणी खेतान सहित मारवाड़ी महिला सम्मेलन की शाखा अध्यक्ष संगीता सुरेखा और रश्मि केजरीवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।




0 Comments