दुर्गापुर में CM शुभेंदु अधिकारी की बड़ी घोषणा, जल्द होगा दुर्गापुर नगर निगम चुनाव

दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक के सिलसिले में गुरुवार को दुर्गापुर पहुंचे। वह हवाई मार्ग से अंडाल के काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट पर उतरे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ता भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सड़क मार्ग द्वारा सीधे दुर्गापुर शहर के सिटी सेंटर स्थित सृजनी प्रेक्षागृह के लिए रवाना हुए। रास्ते में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक भव्य रोड शो भी किया, जिसमें उनकी एक झलक पाने के लिए सड़क के दोनों किनारों पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। राज्य में सत्ता की कमान संभालने के बाद मुख्यमंत्री का यह पहला दुर्गापुर दौरा था, जिसके चलते भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता में भी भारी उत्साह देखने को मिला।

प्रशासनिक बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने दुर्गापुर नगर निगम चुनाव के सवाल पर कहा कि चुनाव करवाने का दायित्व राज्य के निर्वाचन कमिशन के पास है। लेकिन वह दुर्गापुर वासियों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि जितना जल्द संभव हो सके दुर्गापुर नगर निगम के चुनाव होंगे। दुर्गा पूजा और काली पूजा के बाद नगर निगम चुनाव के संकेत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर विकास मंत्री अग्निमित्र पाल और निर्वाचन आयोग इस संबंध में निर्णय लेगा इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में दुर्गापुर की जनता नगर निगम चुनाव में वोट नहीं दे सकी थी। इस बार जब भी चुनाव होगा लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत अपने मताधिकार का प्रयोग कर पाएंगे। 

रोड शो करते हुए जब मुख्यमंत्री का काफिला सृजनी प्रेक्षागृह पहुंचा, तो वहां प्रशासनिक बैठक शुरू होने से पहले पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया। इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने पांच जिलों के आला प्रशासनिक अधिकारियों और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन के बड़े अधिकारियों को सुरक्षा और जनहित के मामलों में ढिलाई न बरतने के सख्त दिशा-निर्देश भी जारी किए। मुख्यमंत्री के इस बेहद महत्वपूर्ण दौरे और वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए पूरे दुर्गापुर शहर और कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

Post a Comment

0 Comments