CM के कड़े तेवर के बाद Durgapur में अवैध बालू कारोबार पर एक्शन, अजय नदी घाट पर छापेमारी

दूर्गापुर :- दुर्गापुर में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की प्रशासनिक बैठक के बाद अवैध बालू कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर आरोप लगाया था कि कुछ तत्व भाजपा सरकार की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से एक सुनियोजित साजिश रच रहे हैं, जिसके तहत आठ हजार रुपये की बालू को मनमाने ढंग से सोलह हजार रुपये में बेचकर कृत्रिम संकट पैदा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस सख्त रुख और तत्काल कार्रवाई के कड़े निर्देशों के बाद पश्चिम बर्दवान जिले का प्रशासनिक अमला पूरी तरह रेस हो गया है।

इसी क्रम में भूमि एवं भूमि राजस्व विभाग की वरिष्ठ अधिकारी मंजू कांजीलाल के नेतृत्व और मालनदिघी फाड़ी पुलिस की मुस्तैदी के साथ कांकसा इलाके में अजय नदी के विभिन्न बालू घाटों पर अभियान शुरू किया गया है। शुक्रवार से इस विशेष अभियान के तहत विदबिहार के नया कंचनपुर, श्रीरामपुर और दुबराजपुर कॉलोनी समेत कई घाटों पर प्रशासनिक टीमों ने अचानक छापेमारी की।


गौरतलब है कि पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के कार्यकाल के दौरान अजय नदी के इन क्षेत्रों में कई अवैध बालू घाट बेखौफ तरीके से सक्रिय हो गए थे, जहां से बिना किसी वैध सरकारी अनुमति के ट्रकों, डंपरों और ट्रैक्टरों के जरिए बालू की बेधड़क तस्करी की जा रही थी। इससे न केवल पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा था, बल्कि सरकारी राजस्व की भी बड़े पैमाने पर चोरी हो रही थी। राज्य में नवगठित भाजपा सरकार ने अब यह पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है कि बालू, पत्थर और कोयले की तस्करी जैसे अवैध धंधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन के इस कड़े रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में दुर्गापुर और इसके आस-पास के जिलों में बालू माफियाओं के खिलाफ यह कार्रवाई और अधिक तेज होने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments