CM Suvendu Adhikari की बड़ी घोषणा, जून में 3 दिवसीय 'जनकल्याण शिविर', 5 जून को 'मां के नाम एक पेड़' अभियान

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की जनता के हित में कई बड़ी और महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की है, जो प्रशासनिक सुधारों से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक फैली हुई हैं। सरकार ने आम लोगों को सीधे लाभ पहुँचाने और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। मुख्यमंत्री ने एलान किया है कि आगामी 15, 16 और 17 (सत्रह) जून को राज्य के सभी हिस्सों में विशेष 'जनकल्याण शिविर' आयोजित किए जाएंगे। इन त्रि-दिवसीय शिविरों के माध्यम से भारत सरकार (केंद्र) और राज्य सरकार की रुकी हुई तथा आगामी सभी योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुँचाया जाएगा। इन शिविरों में नागरिक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए सीधे आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लेकर भी राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। 

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक भावुक और प्रभावी पहल करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) को राज्य के सभी ब्लॉकों, नगर निगमों और नगर पालिकाओं में 'मां के नाम एक पेड़' लगाने का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए पर्यावरण और वन विभाग (परिवेश एवं अरण्य विभाग) की ओर से प्रत्येक विधायक को पौधे उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण सुनिश्चित कर सकें। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस बार पश्चिम बंगाल में 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' को एक बड़े उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments