मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट तेज, राज्यपाल और CM शुभेंदु अधिकारी के बीच लंबी बैठक

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में नए मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है। इसी सिलसिले में बुधवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने लोक भवन (राजभवन) जाकर राज्यपाल रवींद्र नारायण रवि से करीब 1 घंटे 40 मिनट तक लंबी बैठक की। राजनीतिक हलकों में कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी बजट सत्र से पहले पूर्ण मंत्रिमंडल का गठन करने के उद्देश्य से यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण थी और इसी हफ्ते नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। बता दें कि 9 मई को शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जिसके साथ दिलीप घोष और अग्निमित्रा पॉल समेत पांच अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली थी। हालांकि, तब पूर्ण मंत्रिमंडल का गठन नहीं हो पाया था। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान में पार्टी के पास 207 विधायक हैं, लेकिन प्रशासनिक अनुभव की कमी और हर जिले व समुदाय को सही प्रतिनिधित्व देने की चुनौती के कारण पार्टी फूंक-फूंककर कदम रख रही है। 

हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ नए मंत्रियों के नामों पर चर्चा की थी। 22 जून को बीजेपी सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश होना है, जिससे पहले प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपना बेहद जरूरी है। माना जा रहा है कि उत्तर बंगाल, जंगलमहल और अल्पसंख्यक बहुल इलाकों के साथ-साथ अनुभवी नेताओं को इस नए मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।

Post a Comment

0 Comments