हावड़ा :- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी गुरुवार को रामकृष्ण मठ और मिशन के वैश्विक मुख्यालय बेलूड़ मठ पहुंचे। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह उनका पहला बेलूड़ मठ दौरा था। मठ पहुंचने पर उन्होंने श्रीरामकृष्ण परमहंस, मां शारदा और स्वामी विवेकानंद के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित कर पूजा-अर्चना की और राज्य की खुशहाली की प्रार्थना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने रामकृष्ण मठ और मिशन के सामान्य संपादक श्रीमत् स्वामी सुवीरानंद जी महाराज और सहायक सामान्य संपादक स्वामी बलभद्रानंद जी महाराज से शिष्टाचार मुलाकात की। वरिष्ठ संन्यासियों ने उन्हें आशीर्वाद, अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट किया। मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की साढ़े दस करोड़ जनता की सेवा और राज्य में सुख-शांति बनाए रखने के लिए वह यहां आशीर्वाद लेने आए थे। इस आध्यात्मिक दौरे के तुरंत बाद वे हावड़ा में आयोजित एक उच्च स्तरीय प्रशासनिक बैठक के लिए रवाना हो गए।

0 Comments