पुरुष होकर भी ले रहा था 'लक्ष्मी भंडार' का लाभ, CM शुभेंदु अधिकारी के खुलासे के बाद आरोपी गिरफ्तार

मुर्शिदाबाद :- पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां महिलाओं के लिए विशेष रूप से चलाई जा रही 'लक्ष्मी भंडार' योजना का वित्तीय लाभ उठाने के आरोप में एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान राकिबुल शेख के रूप में हुई है। इस बड़े फर्जीवाड़े का सार्वजनिक रूप से खुलासा खुद राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को 'अन्नपूर्णा योजना' का फॉर्म जारी करने के दौरान किया था। 


मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राकिबुल शेख का जिक्र करते हुए इस बात पर गहरी चिंता और आश्चर्य व्यक्त किया कि कैसे एक पुरुष, महिलाओं के लिए आरक्षित इस सरकारी योजना का लाभ उठा रहा था। मुख्यमंत्री के इस तीखे खुलासे के तुरंत बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह हरकत में आ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकिबुल शेख को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी ने सरकारी डिजिटल प्रणाली में सेंध लगाकर इस धोखाधड़ी को कैसे अंजाम दिया और क्या इस साजिश में विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल था।

Post a Comment

0 Comments