Durgapur के निजी कारखाने में फर्नेस ब्लास्ट होने से 4 श्रमिक घायल, ESI और PF न मिलने पर फूटा गुस्सा

दूर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर के कांकसा के बामुनारा स्थित एक निजी कारखाने में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ फर्नेस (भट्टी) में हुए भीषण विस्फोट के कारण चार अस्थायी श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ दो श्रमिकों की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बिधाननगर के एक अन्य निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है।


इस हादसे के बाद कारखाने में सुरक्षा और नियमों की अनदेखी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा नेता शुभाशीष मुखर्जी ने कारखाना प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन घायल श्रमिकों को पिछले २२ महीनों से ईएसआई (कर्मचारी राज्य बीमा) और पीएफ (भविष्य निधि) जैसी जरूरी सुविधाएं नहीं दी जा रही थीं। यह पूरी लापरवाही हादसे के बाद खुलकर सामने आई है। इस मामले पर कारखाने के ठेकेदार ने घुमा-फिराकर अपनी गलती स्वीकार की है, जबकि कारखाना प्रबंधन ने इस पूरे विवाद से पल्ला झाड़ते हुए दावा किया है कि उन्हें श्रमिकों के ईएसआई और पीएफ न होने की कोई जानकारी ही नहीं थी।

बिना किसी सामाजिक सुरक्षा और वैध सुविधाओं के श्रमिकों से खतरनाक काम कराए जाने की इस घटना से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने कारखाने के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर प्रबंधन के प्रति गहरा गुस्सा जाहिर किया है।

Post a Comment

0 Comments