दूर्गापुर :- दुर्गापुर के दामोदर नदी में नहाने उतरा एक किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया, जिससे डूबकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद नदी से उसका बेजान शरीर बाहर निकाला जा सका। मृतक किशोर की पहचान 15 वर्षीय आयुष शर्मा के रूप में हुई है, जो दुर्गापुर के कोक ओवन थाना क्षेत्र अंतर्गत सिनेमा हॉल रोड का निवासी था। वह विधाननगर के एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था।
सूत्रों के मुताबिक, सोमवार सुबह आयुष अपने दो दोस्तों के साथ दामोदर नद में नहाने गया था। शुरुआत में तीनों दोस्त नदी के किनारे पानी में खेल रहे थे, लेकिन तभी अचानक आयुष का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। तैरना न जानने के कारण वह पल भर में ही पानी में डूबने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे। दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। काफी देर की तलाश के बाद स्थानीय निवासियों की मदद से किशोर को पानी से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भीड़ जमा हो गई और मृत छात्र के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


0 Comments