Durgapur Municipal Corporation के नए प्रशासक बने DM ने संभाला पदभार, 2017 में आखिरी बार हुआ था चुनाव


दुर्गापुर :- पश्चिम बर्दवान जिले के डीएम एस पोन्नमबालम ने आधिकारिक तौर पर दुर्गापुर नगर निगम के प्रशासक के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है। बुधवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे जिला शासक ने सबसे पहले निगम कमिश्नर के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की और इसके बाद औपचारिक रूप से प्रशासक की कुर्सी संभाली। इस मौके पर दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी और दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घड़ुई ने नए प्रशासक का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया।

कार्यभार संभालने के बाद नए प्रशासक एस पोन्नमबालम ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि नगर निगम के विभिन्न वार्डों में जो भी विकास कार्य अधूरे पड़े हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना उनका मुख्य लक्ष्य होगा। उन्होंने आम जनता को मिलने वाली नागरिक सेवाओं को और अधिक बेहतर तथा सुचारू बनाने के लिए त्वरित कदम उठाने का भरोसा दिया। इसके साथ ही नवनियुक्त प्रशासक ने बताया कि आगामी शनिवार को वे दोनों विधायकों के साथ एक विशेष बैठक करेंगे, जिसमें नगर निगम की विभिन्न चल रही परियोजनाओं और आगामी विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।



गौरतलब है कि दुर्गापुर नगर निगम पिछले लंबे समय से प्रशासनिक पेचीदगियों का सामना कर रहा है, जहाँ आखिरी बार वर्ष 2017 में चुनाव हुए थे। इसके बाद सितंबर 2022 से निगम की कमान प्रशासक बोर्ड के हाथों में है। वर्तमान में स्थिति यह है कि बोर्ड के सदस्यों की संख्या भी घटकर केवल दो रह गई है, जो पूरे निगम का संचालन कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments