Durgapur में TMC ऑफिस पर चला बुलडोजर, DSP की जमीन से अवैध निर्माण को किया जमींदोज

दुर्गापुर :- दुर्गापुर में स्टील टाउनशिप के ब्लॉक नंबर 1 में स्थित तृणमूल कांग्रेस के एक विवादित पार्टी कार्यालय पर आखिरकार प्रशासन का बुलडोजर चल गया। दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) प्रशासन द्वारा अपनी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत इस अवैध निर्माण को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया गया।

आरोप है कि यह पार्टी कार्यालय दुर्गापुर स्टील प्लांट की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके बनाया गया था। डीएसपी प्रबंधन द्वारा इस संबंध में पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कार्यालय को खाली नहीं किया गया। बार-बार चेतावनी के बाद भी जब कोई कदम नहीं उठाया गया, तो प्रशासन को यह सख्त रुख अपनाना पड़ा। शनिवार सुबह प्रशासनिक अधिकारियों, भारी पुलिस बल और दुर्गापुर स्टील प्लांट के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में बड़े पैमाने पर उच्छेदन (Encroachment Removal) अभियान शुरू हुआ और बुलडोजर चलाकर कार्यालय को ढहा दिया गया।


कार्यालय को तोड़े जाने के दौरान उसके भीतर से बड़ी मात्रा में विभिन्न दस्तावेज और कागजात बरामद हुए हैं। इन दस्तावेजों को लेकर स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने टीएमसी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि इस ब्लॉक कार्यालय का इस्तेमाल नौकरी दिलाने के नाम पर जबरन वसूली (तोलाबाजी) करने के लिए किया जाता था। यहां बाहरी लोगों को फैक्ट्रियों में काम पर लगाने के एवज में मोटी रकम वसूली जाती थी और बरामद हुए कागजात इसी अवैध धंधे से जुड़े हैं।


गौरतलब है कि इलाके में इसी तरह की जबरन वसूली, उगाही और आतंक फैलाने के आरोपों में इसी सप्ताह बुधवार की रात तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक नंबर 1 के अध्यक्ष और वार्ड नंबर 10 के पूर्व पार्षद राजीव घोष को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस कार्रवाई के बाद से इलाके में राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है।

Post a Comment

0 Comments