दुर्गापुर :- आतंक फैलाने के आरोप में गिरफ्तार दुर्गापुर ब्लॉक नंबर 1 के तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अध्यक्ष राजीव घोष को गुरुवार को जब दुर्गापुर उप-मंडलीय अदालत में पेश किया गया, तो अदालत परिसर में जबरदस्त तनाव फैल गया। बीजेपी के कार्यकर्ता और समर्थक सुबह से ही अदालत के बाहर भारी संख्या में जमा हो गए थे। पुलिस सुरक्षा के बीच जब राजीव घोष को अदालत के भीतर ले जाया जा रहा था, तभी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें निशाना बनाते हुए जूते दिखाए और 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते पूरा अदालत परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बलों की भारी तैनाती करनी पड़ी।
बीजेपी ने आरोप लगाया है कि राजीव घोष लंबे समय से इलाके में आतंक, जबरन वसूली, धमकी देने और राजनीतिक अत्याचार की घटनाओं में शामिल रहे हैं। बुधवार देर रात वह स्टील सिटी के तानसेन इलाके में एक गुप्त बैठक करने पहुंचे थे, जहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें पकड़ लिया। बाद में सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। गुरुवार सुबह जब उन्हें अदालत लाया गया, तो बीजेपी कार्यकर्ताओं के उग्र विरोध प्रदर्शन के कारण पुलिस को हालात संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। प्रदर्शनकारी लगातार 'आतंक का जवाब दो' और 'चोर को सजा दो' के नारे लगा रहे थे।
इस घटना पर जिला बीजेपी प्रवक्ता सुमंत मंडल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल के इस ब्लॉक अध्यक्ष ने इलाके के लोगों को डरा-धमकाकर रखा था और गरीब जनता के पैसे लूटे थे। उन्होंने चुनाव के पहले और बाद में हुई कई हिंसक वारदातों को अंजाम दिया है। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे लोगों को कमर में रस्सी बांधकर सार्वजनिक रूप से लाया जाना चाहिए, लेकिन इन्होंने जनता के साथ इतनी धोखाधड़ी की है कि अब ये पूरी तरह चोर बन चुके हैं, और यही वजह है कि आज इन्हें अपना मुंह छिपाकर अदालत में आना पड़ रहा है।





0 Comments