ED की बड़ी कार्रवाई, कोलकाता और मुर्शिदाबाद में ताबड़तोड़ छापेमारी


कोलकाता :- सोनू पप्पू मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह से कोलकाता और मुर्शिदाबाद के कई ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया है। ईडी की टीमें कोलकाता के कसबा, चक्रबेड़िया और रॉयड स्ट्रीट में छापेमारी कर रही हैं। चक्रबेड़िया में सोनू पप्पू के करीबी व्यवसायी अतुल कटारिया और कसबा में कोलकाता पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर के घर की तलाशी ली जा रही है। दूसरी ओर, ईडी ने मुर्शिदाबाद के कांदी में कालीघाट थाने के पूर्व ओसी व पूर्व डीसी शांतनु सिंह विश्वास के आलीशान मकान पर भी छापा मारा। ढाई घंटे तक दरवाजा न खुलने पर ईडी अधिकारियों ने ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। 


स्थानीय लोगों के अनुसार, तृणमूल के उप-नगरसेवक के भाई शांतनु ने पिछले पांच-छह वर्षों में इस भव्य बंगले का निर्माण कराया है। जमीन सिंडिकेट के जरिए डरा-धमकाकर संपत्ति हड़पने के आरोप में गिरफ्तार व्यवसायी सोनू पप्पू फिलहाल 28 मई तक ईडी की हिरासत में है। केंद्रीय एजेंसी के अनुसार, पप्पू बेहाला के व्यवसायी जय कामदार और इसी पुलिस अधिकारी शांतनु के लिए काम करता था।

Post a Comment

0 Comments