कुल्टी :- पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत कुल्टी स्टेशन पर मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां 3 नंबर प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक कोयला लदी मालगाड़ी की चार बोगियों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार आसमान में उठने लगा, जिससे स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले मालगाड़ी की एक बोगी से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया था। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से फैलते हुए एक के बाद एक कुल चार बोगियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और रेलवे अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते दमकलकर्मी मौके पर नहीं पहुंचते, तो आग अन्य बोगियों में भी फैल सकती थी और एक बड़ा हादसा हो सकता था।
इस अग्निकांड में रेलवे की संपत्ति और कोयले का बड़े पैमाने पर नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। बोगियों में आग किस वजह से लगी, यह अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया था, जिसके चलते स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया। वहीं, रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे प्रशासन, आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) और दमकल विभाग ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और रेल यातायात सामान्य है।



0 Comments