पांडवेश्वर के लाउदोहा ग्रामीण अस्पताल में MLA जितेंद्र तिवारी ने किया HPV टीकाकरण का उद्घाटन

पांडवेश्वर :- पश्चिम बंगाल में पूर्व घोषित योजना के अनुसार शनिवार से सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) से बचाव के लिए व्यापक टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। राज्य सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त करने में जुटी है, ताकि आम जनता को सरकारी अस्पतालों में ही विश्वस्तरीय और सुलभ चिकित्सा सेवा मिल सके। इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री के इस विजन को धरातल पर उतारते हुए पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लाउदोहा ग्रामीण अस्पताल (Laudoha Rural Hospital) में एचपीवी (HPV) टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जहां पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस उद्घाटन कार्यक्रम में अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई।


विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से शुरू की गई इस परियोजना के तहत राज्य की 14 और 15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का यह टीका बिल्कुल मुफ्त दिया जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर यह मुफ्त टीकाकरण सेवा उपलब्ध रहेगी। इस अभियान के लिए राज्य सरकार ने 7 लाख से अधिक किशोरियों के टीकाकरण का एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। पश्चिम बंगाल के कुल 235 चयनित स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से इस विशेष वैक्सीन को लगाने की व्यवस्था की गई है।

Post a Comment

0 Comments