दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक लक्ष्मण घोरुई ने स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने और बाहरी श्रमिकों को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को निजी कारखानों का रुख किया। मंगलवार सुबह विधायक अपने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ सागरभांगा औद्योगिक क्षेत्र (सिल्प तालुक) स्थित प्रमुख निजी कंपनियों 'ग्रेफाइट इंडिया लिमिटेड' और 'एसआरएमबी प्राइवेट लिमिटेड' पहुँचे, जहाँ उन्होंने कारखाना प्रबंधन व अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
कारखाने से बाहर आने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक लक्ष्मण घोरुई ने कहा कि चुनाव से कुछ समय पहले इन कारखानों में बड़ी संख्या में बाहरी श्रमिकों को काम पर रखा गया है। उन्होंने प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे सभी बाहरी श्रमिकों की तुरंत एक सूची तैयार की जाए और उन्हें काम से बाहर का रास्ता दिखाया जाए। विधायक ने मांग की कि बाहरी प्रवासियों को हटाकर उन खाली जगहों पर तत्काल प्रभाव से स्थानीय बेरोजगार युवाओं को नियुक्त किया जाए।
इसके साथ ही, विधायक ने श्रमिक राजनीति के नाम पर शोषण करने वालों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि जो कोई भी श्रमिक नेता साधारण मजदूरों का शोषण करने या उनके अधिकारों को छीनने में शामिल रहा है, उसके खिलाफ आने वाले दिनों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। भाजपा विधायक के इस औचक दौरे और कड़े रुख के बाद दुर्गापुर के औद्योगिक क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है।





0 Comments