आसनसोल :- सेल-आईएसपी (इस्को) प्रबंधन ने शनिवार को बार्नपुर स्टेशन के निकट एक बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 78 से तृणमूल कांग्रेस के पार्षद अशोक रुद्र के कार्यालय को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इस प्रशासनिक कार्रवाई से पूरे इलाके में भारी हड़कंप मच गया। इसके साथ ही सेल की भूमि पर अवैध रूप से बने कई अन्य टीएमसी कार्यालयों और क्लब भवनों को भी बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया।
सेल अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि ये सभी निर्माण पूरी तरह अवैध थे। कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को बकायदा नोटिस देकर अपना सामान हटाने और जगह खाली करने का पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन चेतावनी की अनदेखी करने पर यह कदम उठाना पड़ा। इससे पहले शुक्रवार को भी बाटा मोड़ स्थित टीएमसी ब्लॉक नेता उत्पल सेन और मस्जिद रोड इलाके में आसनसोल दक्षिण विधानसभा के टीएमसी ब्लॉक अध्यक्ष पूर्णेन्दु चौधरी के अवैध पार्टी दफ्तरों को तोड़ा गया था। सेल प्रबंधन के अनुसार, भविष्य की विकास परियोजनाओं और जनहित में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना बेहद जरूरी हो गया था।





0 Comments