पांडेश्वर :- पांडवेश्वर में रंगदारी और आतंक फैलाने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैद्यनाथपुर पंचायत के तृणमूल कांग्रेस (TMC) सदस्य कमरुद्दीन खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान पांडवेश्वर थाने की पुलिस ने उन्हें दान्य इलाके में स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया था, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी दर्ज की गई। कमरुद्दीन खान पंचायत सदस्य होने के साथ-साथ साउथ श्यामला कोलियरी के एक प्रमुख श्रमिक संगठन के सचिव पद पर भी तैनात थे। शनिवार को आरोपी नेता को दुर्गापुर उप-मंडल अदालत में पेश किया गया।
पुलिस का दावा है कि कमरुद्दीन के खिलाफ लंबे समय से इलाके में जबरन वसूली, अवैध प्रभाव जमाने और स्थानीय लोगों में दहशत पैदा करने की कई गंभीर शिकायतें मिल रही थीं। हालांकि, कमरुद्दीन खान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से एक राजनीतिक साजिश करार दिया है। इस घटना से पूरे इलाके में भारी तनाव और सनसनी का माहौल है। गौरतलब है कि पांडवेश्वर और उसके आसपास के क्षेत्रों में तृणमूल नेताओं की गिरफ्तारी का सिलसिला लगातार जारी है। इससे ठीक एक दिन पहले लाउदोहा फरीदपुर थाने की पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस श्रमिक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष शेख वासूल को भी गिरफ्तार कर दुर्गापुर कोर्ट में पेश किया था।


0 Comments