राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार में 35 नए मंत्रियों ने ली शपथ, डॉ अजय पोद्दार समेत 13 MLA बने कैबिनेट मंत्री

कोलकाता :- ​पश्चिम बंगाल की पहली भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल का सोमवार को विस्तार हो गया है। लोक भवन में राज्यपाल आरएन रवि की उपस्थिति में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मंत्रिमंडल के बाकी 35 सदस्यों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस गरिमामयी समारोह की शुरुआत 'वंदे मातरम' और राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसमें खुद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने मंच से एक-एक कर सभी मंत्रियों के नामों की घोषणा की। इस विस्तार में कुल 13 विधायकों को पूर्ण मंत्री (कैबिनेट मंत्री) के रूप में शामिल किया गया है। कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ लेने वालों में तापस राय (मानिकतला), मनोज उरांव (कुमारग्राम), अर्जुन सिंह (नोआपाड़ा), गौरीशंकर घोष (मुर्शिदाबाद), दीपक बर्मन (फालाकाटा), शारद्वत मुखर्जी (विधाननगर), अरूप कुमार दास (कांथी दक्षिण), स्वपन दासगुप्ता (रासबिहारी), जगन्नाथ चट्टोपाध्याय (सूरी), कल्याण चक्रवर्ती (खरदह), शंकर घोष (सिलीगुड़ी), डॉ अजय पोद्दार (कुल्टी) और दूधकुमार मंडल (मयूरेश्वर) शामिल हैं।

​इसके अलावा, तीन विधायकों को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनमें मालती राभा राय (तुफानगंज), राजेश महतो (गोपीवल्लभीपुर) और इंद्रनील खां (बेहाला पश्चिम) के नाम शामिल हैं। वहीं, 19 विधायकों ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली है। इस सूची में अशोक डिंडा (मयना), कौशिक चौधरी (रायगंज), ज्वेल मुर्मू (हबीबपुर), हरेकृष्ण बेरा (तमलुक), शांतनु प्रामाणिक (भगवानपुर), मौमिता विश्वास मिश्रा (बर्धमान दक्षिण), उमेश राय (हावड़ा उत्तर), पूर्णिमा चक्रवर्ती (श्यापुकुर), भास्कर भट्टाचार्य (श्रीरामपुर), दिवाकर घरामी (सोनामुखी), नादियाचंद बाउरी (पारा), गार्गी दास घोष (कांदी), अमिय किस्कू (नयाग्राम), कलिता माजी (औशग्राम), बिराज विश्वास (करनदिघी), सुमना सरकार (बलागढ़), आनंदमय बर्मन (माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी), विशाल लामा (कालचीनी) और दीपांकर जाना (काकद्वीप) शामिल हैं।

​शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक खास बंगाली संस्कृति की झलक देखने को मिली, जहां अधिकांश मंत्री पारंपरिक धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचे थे। इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए कई मंत्री अपने परिवारों के साथ आए थे। लोक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बालुरघाट के सांसद और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, मंत्री अग्निमित्रा पॉल और दिलीप घोष जैसी वरिष्ठ हस्तियां भी मौजूद रहीं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि किस मंत्री को कौन सा विभाग सौंपा जाएगा।

​गौरतलब है कि इससे पहले बीते 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस समय उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली थी, जिनमें अग्निमित्रा पॉल, दिलीप घोष, निशीथ प्रामाणिक, अशोक कीर्तनिया और खुदीराम टुडू शामिल थे और उनके विभागों का बंटवारा भी हो चुका है। अब इस नए विस्तार के बाद शुभेंदु अधिकारी सरकार के मंत्रिमंडल में सदस्यों की कुल संख्या 41 हो गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सभी मंत्री नबान्न (सचिवालय) के लिए रवाना होंगे, जहां सोमवार दोपहर 3 बजे कैबिनेट की एक अहम बैठक बुलाई गई है और माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री इसी बैठक में नए मंत्रियों के विभागों की घोषणा कर सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments