पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने 70 मेधावी छात्र-छात्राओं पाठ्य पुस्तकें प्रदान की

पांडवेश्वर :- शिक्षा के स्तर को सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य प्रदान करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर स्थित विधायक कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के 70 माध्यमिक उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को उच्च माध्यमिक शिक्षा के लिए आवश्यक सहायक पाठ्य पुस्तकें प्रदान की गईं। पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जितेंद्र तिवारी ने खुद उपस्थित रहकर सभी होनहार छात्र-छात्राओं को यह पुस्तकें सौंपीं और उन्हें आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर विधायक जितेंद्र तिवारी ने अपने बयान में कहा कि शिक्षा ही समाज में बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम है और कोई भी बच्चा संसाधनों की कमी के कारण पढ़ाई से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन बच्चों ने माध्यमिक परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन कर अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विधायक ने भरोसा दिलाया कि वे भविष्य में भी इन छात्र-छात्राओं की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे, ताकि यह बच्चे आगे चलकर देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

Post a Comment

0 Comments