आसनसोल :- भीड़भाड़ वाले इलाकों से लोगों के पैसे और मोबाइल चुराने के आरोप में हीरापुर थाने की पुलिस ने बुधवार को दो युवकों को गिरफ्तार किया था। गुरुवार को इन दोनों आरोपियों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया, लेकिन अदालत ले जाने से पहले पुलिस ने उनके खिलाफ एक अनोखा और सख्त कदम उठाया। हीरापुर थाने की पुलिस दोनों आरोपियों की कमर में रस्सी बांधकर उन्हें थाने से लेकर बर्नपुर बस स्टैंड तक पैदल घुमाती हुई नजर आई। दरअसल, इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने आपराधिक मानसिकता रखने वाले तत्वों को एक सीधा और कड़ा संदेश देने की कोशिश की है कि समाज में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों को अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राज्य में हुए सत्ता परिवर्तन और भाजपा की नई सरकार के गठन के बाद से ही पुलिस का एक नया और आक्रामक रूप देखने को मिल रहा है। इससे पहले हावड़ा समेत राज्य के कई अन्य जिलों में पुलिस द्वारा तृणमूल कांग्रेस के दागी नेताओं को गिरफ्तार करने के बाद उनकी कमर में रस्सी बांधकर, हाथों में हथकड़ी लगाकर और हाफ पैंट में ही पूरे इलाके में घुमाने की तस्वीरें सामने आ चुकी हैं। हालांकि, सत्ता बदलने के बाद पश्चिम बर्दवान जिले में किसी आपराधिक मामले के आरोपियों को इस तरह से कमर में रस्सी बांधकर सड़क पर सरेआम घुमाए जाने का यह पहला मामला है, जिसकी चर्चा अब पूरे औद्योगिक क्षेत्र में जोरों पर है।



0 Comments