दुर्गापुर में पूर्व मंत्री प्रदीप मजूमदार से जुड़े गोदाम में सरकारी राहत सामग्री मिलने का BJP का दावा

दुर्गापुर :- दुर्गापुर के इस्पात नगरी स्थित आनंद विहार इलाके में एक गोदाम से बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री मिलने के दावे को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि पूर्व मंत्री प्रदीप मजूमदार से जुड़े एक गोदाम में लंबे समय से सरकारी राहत सामग्री जमा करके रखी गई थी और उसे गुप्त रूप से बाहर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था।

भाजपा के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उनका दावा है कि वहां कुछ लोग कथित रूप से सामग्री हटाने की कोशिश कर रहे थे, जो भाजपा कार्यकर्ताओं को देखकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद गोदाम के भीतर जाने पर बड़ी संख्या में तिरपाल, कंबल, छाते तथा अन्य राहत सामग्री मिली। भाजपा का यह भी दावा है कि कुछ सामानों पर ‘विश्व बांग्ला’ का लोगो लगा हुआ था।


भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आम लोगों के लिए आवंटित राहत सामग्री आखिर इतने दिनों तक गोदाम में क्यों रखी गई थी और उसे किस उद्देश्य से हटाया जा रहा था, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। दुर्गापुर पूर्व-1 मंडल भाजपा के महासचिव दिव्येंदु गायेन ने कहा कि सूचना मिलने के बाद जब कार्यकर्ता वहां पहुंचे तो कथित रूप से सामग्री हटाने में लगे लोग भाग निकले। उन्होंने दावा किया कि गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में सरकारी उपयोग की सामग्री मौजूद थी। भाजपा ने पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।


घटना की सूचना मिलने पर दुर्गापुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद सामग्री सरकारी राहत सामग्री थी या नहीं तथा उसे वहां किस उद्देश्य से रखा गया था। वहीं, इस मामले में लगाए गए आरोपों पर पूर्व मंत्री प्रदीप मजूमदार की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बताया गया कि उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका। फिलहाल पुलिस और संबंधित प्रशासनिक एजेंसियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments