महिलाओं के लिए मुफ्त सरकारी बस सेवा शुरू, महिलाओं ने जताई खुशी

दुर्गापुर :- सोमवार से राज्य भर में महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू हो गई है। राज्य सरकार की इस अनूठी पहल के तहत 1 जून से महिलाएं सरकारी बसों में बिना किसी किराए के सफर कर पा रही हैं। सोमवार सुबह से ही इस नए नियम को पूरे राज्य में लागू कर दिया गया है, जिससे महिला यात्रियों को सफर के दौरान अब कोई टिकट शुल्क नहीं देना पड़ रहा है।

परिवहन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, महिला यात्रियों को बस में सफर के दौरान सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त कोई भी वैध पहचान पत्र दिखाना होगा। पहचान पत्र की जांच करने के बाद बस कंडक्टर उन्हें 'जीरो वैल्यू टिकट' यानी शून्य मूल्य का टिकट दे रहे हैं। इस नई सेवा के शुरू होने से महिला यात्रियों में भारी खुशी देखी जा रही है। महिलाओं का मानना है कि कार्यस्थल, शैक्षणिक संस्थानों या अन्य जरूरी कामों के लिए रोजाना आने-जाने में यह पहल उन्हें आर्थिक रूप से बहुत बड़ी मदद पहुंचाएगी।



इस सेवा के शुभारंभ के अवसर पर पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण घड़ुई और दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक जितेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि सरकार ने हमेशा महिलाओं के हितों को ध्यान में रखकर ही अपनी योजनाएं बनाई हैं और यह सोच उसी का हिस्सा है। वहीं, विधायक लक्ष्मण घड़ुई ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं का सफर और अधिक सुगम तथा किफायती हो जाएगा।

दूसरी ओर, विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने इस मौके पर राजनीतिक चुटकी भी ली। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने कभी कहा था कि महिलाओं को रात आठ बजे के बाद बाहर नहीं निकलना चाहिए, लेकिन उन्हीं महिलाओं ने ईवीएम का बटन दबाकर भाजपा को जीत दिलाई है। उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा और जो लोग आईएनटीटीयूसी (INTTUC) यूनियन के नाम पर सिर्फ हाजिरी लगाकर घर जाकर सो जाते हैं, उनका अब समय खत्म हो चुका है।

Post a Comment

0 Comments