दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- बर्दवान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह अहलूवालिया ने दुर्गापुर पूर्व विधानसभा के कुलडिहा ग्राम में आयोजित एक विशेष सेवा शिविर में शिरकत की। वैदिक चेतना फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस राहत शिविर में समाज के जरूरतमंद और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के बीच आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। शिविर के दौरान पूर्व सांसद ने अपने हाथों से दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं कुर्सियां, बुजुर्गों को सहारा देने के लिए छड़ी, स्थानीय युवा खिलाड़ियों को फुटबॉल तथा महिलाओं को साड़ियां वितरित कीं। राहत सामग्री पाकर स्थानीय ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।
इस मानवीय पहल पर अपने विचार साझा करते हुए पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह अहलूवालिया ने कहा कि वैदिक चेतना फाउंडेशन द्वारा दुर्गापुर पूर्व विधानसभा के कुलडिहा ग्राम में आयोजित इस पावन सेवा शिविर में जरूरतमंद लोगों की सेवा करने का जो अवसर मुझे प्राप्त हुआ है, उससे मन अत्यंत प्रसन्न है। सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व ही एक सशक्त एवं समरस समाज की असली पहचान हैं। मानवसेवा, सहमर्मिता और सामाजिक दायित्व की भावना ही एक मजबूत और समृद्ध समाज के निर्माण की नींव रखती है। हमारा यह प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर वैदिक चेतना फाउंडेशन के सदस्यों के साथ-साथ भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



0 Comments