सड़क पर कचरा फेंका तो लगेगा जुर्माना, आसनसोल में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने शुरू किया 'एड माई बिन' अभियान

आसनसोल :- पश्चिम बंगाल की नगर विकास एवं नगर निकाय मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने गुरुवार को आसनसोल में 'एड माई बिन' अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने राज्य की स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने और सफाईकर्मियों की सुरक्षा को लेकर कई बड़े ऐलान किए।

मंत्री ने घोषणा की कि पश्चिम बर्धमान जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के व्यस्त इलाकों में हर 100 मीटर की दूरी पर डस्टबिन लगाए जाएंगे। इसके लिए बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और स्कूलों के आसपास के क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। खास बात यह है कि इन डस्टबिनों की देखरेख निजी कंपनियों द्वारा की जाएगी, जिससे नगर निगम पर कोई वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा और कंपनियों को इस पर ब्रांडिंग की अनुमति होगी।


मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने सख्त लहजे में कहा कि राज्य सरकार 1 सितंबर से सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर भारी जुर्माना लगाएगी। जनता को नई व्यवस्था अपनाने के लिए तीन महीने का समय दिया गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देशानुसार व्यस्त इलाकों में दिन में दो बार सफाई होगी, जिसके लिए 'निर्मल बंधु' और 'निर्मल साथी' कर्मियों को तैनात किया जाएगा। सफाईकर्मियों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए मंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार कोई भी व्यक्ति मैनहोल के अंदर नहीं उतरेगा। राज्य सरकार अब मैनहोल की सफाई के लिए आधुनिक मशीनें खरीदने जा रही है। उन्होंने हाल ही में कालीपहाड़ी क्षेत्र में सफाईकर्मियों को बिना ग्लव्स और जूतों के काम करते देखने पर नाराजगी जताई। साथ ही, पिछले वर्षों में सुरक्षा उपकरणों के टेंडर में हुई गड़बड़ी की जांच के आदेश आसनसोल नगर निगम और प्रशासन को दिए हैं।

Post a Comment

0 Comments