जामुड़िया :- पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तृणमूल कांग्रेस संचालित श्यामला ग्राम पंचायत के प्रधान असित मंडल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सोमवार शाम करीब चार बजे उन्होंने जामुड़िया के समष्टि विकास अधिकारी (BDO) को लिखित रूप में अपना त्यागपत्र सौंपा। वर्ष 2023 के पंचायत चुनाव में खोट्टाडीही गांव के निवासी असित मंडल इस पद पर चुने गए थे। सरकारी नियमों के मुताबिक अभी उनका दो साल का कार्यकाल बाकी था, लेकिन उन्होंने समय से पहले ही स्वेच्छा से पद छोड़ दिया।
असित मंडल ने अपने इस्तीफे के पीछे राजनीतिक दबाव या सत्ता परिवर्तन की बात से साफ इनकार किया है। उन्होंने बताया कि उनकी वृद्ध मां की गंभीर बीमारी और कुछ निजी कारणों की वजह से उन्होंने यह कदम उठाया है। हालांकि, राज्य के राजनीतिक हालातों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने जिस तरह 2011 में वामपंथियों को हटाकर तृणमूल को सत्ता सौंपी थी, उसी तरह आज जनता ने बदलाव की राह चुनी है। सत्ता हमेशा अस्थायी होती है और समय के साथ बदलाव जरूरी है। उन्होंने नई सरकार को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे जनहित में काम करेंगे। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात भी कही।

0 Comments