विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रानीगंज में कई कार्यक्रम आयोजित

रानीगंज :- श्याम मेटालिक्स के रानीगंज के मंगलपुर स्थित प्लांट में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। प्लांट में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में फैक्ट्री मैनेजर उज्ज्वल चटर्जी, फेरो हेड तपन दास, एचआर हेड संजीत सिंह, चित्रकला शिक्षक मनोज बाउरी तथा कंपनी के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर चर्चा की गई। इसके पश्चात सभी उपस्थित सदस्यों के लिए एक पर्यावरण विषयक प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही चित्रांकन प्रतियोगिता के विजेताओं तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बख्तरनगर सुकांत लाइब्रेरी में 150 पौधों का वितरण भी किया गया, जिससे विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूक किया जा सके।


वहीं दूसरी तरफ रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली के तरफ से विश्व पर्यावरण दिवस पर अनोखी पहल की गई। 4 से 12 साल तक के बच्चों को पहले थिएटर में मूवी दिखाई गई। फिर पौधारोपण किया गया। स्पोर्ट्स असेंबली के संस्थापक सदस्य आरपी चौधरी, रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली के अध्यक्ष सौरभ खेतान और पूर्व अध्यक्ष कमल नयन झुनझुनवाला समेत अन्य सदस्यों ने बच्चों के साथ मिलकर पौधा रोपण किया। इस मुहिम के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने की अपील की गई। 



वहीं दूसरी तरफ, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रानीगंज के श्री गुरुनानक विद्यालय में रैली और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से छात्रों ने समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा इस दिशा में चलाए जा रहे अभियानों के प्रति लोगों को जागरूक किया। विद्यालय परिसर में आयोजित ड्राइंग, क्विज और स्लोगन प्रतियोगिताओं में कुल 700 छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस मौके पर सभी शिक्षकों और छात्रों ने न केवल एक-एक पौधा लगाने, बल्कि उसकी पूरी सुरक्षा करने और प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का सामूहिक संकल्प लिया। पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर श्री गुरुनानक विद्यालय के प्रधान शिक्षक ऋषि कुमार त्रिपाठी ने कहा कि आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हमारे विद्यालय के छात्रों ने जिस उत्साह के साथ इस अभियान में हिस्सा लिया है, वह अत्यंत सराहनीय है।

Post a Comment

0 Comments