Durgapur में TMC नेता रमाप्रसाद हालदार को लेकर घर-ऑफिस पहुंची पुलिस, लगे 'चोर-चोर' के नारे

दुर्गापुर :- जबरन वसूली और आतंक फैलाने के आरोप में गिरफ्तार दुर्गापुर नगर निगम के पूर्व बोरो चेयरमैन और तृणमूल कांग्रेस नेता रमाप्रसाद हालदार को शुक्रवार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जांच के सिलसिले में पुलिस जब आरोपी नेता को पहले उनके घर और फिर 20 नंबर वार्ड स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय लेकर पहुंची, तो पूरा इलाका तनावग्रस्त हो गया। तृणमूल नेता के आने की खबर मिलते ही स्थानीय निवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ वहां जमा हो गई और उन्होंने आरोपी नेता को घेरकर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और मौके पर केंद्रीय बलों को तैनात करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने रमाप्रसाद हालदार को निशाना बनाते हुए चोर-चोर के नारे लगाए। 


भाजपा समर्थकों का आरोप है कि इस तृणमूल नेता ने लंबे समय तक सत्ता का दुरुपयोग किया, लोगों से जबरन वसूली की और इलाके में आतंक का माहौल बनाए रखा। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सिर्फ नारेबाजी ही नहीं की, बल्कि पार्टी कार्यालय के बाहर लगी रमाप्रसाद की तस्वीर पर 'चोर' लिख दिया और उस पर जूते मारकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस घटना से पूरे इलाके में भारी सनसनी फैल गई। 


भाजपा की 20 नंबर वार्ड मंडल की उपाध्यक्ष इतिबाला प्रतिहार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस नेता ने चुन-चुनकर भाजपा कार्यकर्ताओं को पीटा था, लोगों को डराया-धमकाया था और महिलाओं पर अत्याचार किया था, जिसके खिलाफ आज जनता का यह गुस्सा फूट पड़ा है।

Post a Comment

0 Comments