पांडवेश्वर ब्लॉक में विकास कार्यों की सौगात, MLA जितेंद्र तिवारी ने किया कई योजनाओं का उद्घाटन

पांडवेश्वर (राम बाबू यादव) :- पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पांडवेश्वर ब्लॉक में बुधवार को विभिन्न विकासमूलक परियोजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। पांडवेश्वर ब्लॉक कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह के दौरान विधायक जितेंद्र कुमार तिवारी ने इन सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन किया। इस खास मौके पर ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) समेत प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इन विकास कार्यों के सुचारु क्रियान्वयन और निरंतर सहयोग के लिए राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि उनकी सरकार और प्रशासन का एकमात्र लक्ष्य पांडवेश्वर के हर कोने तक विकास को पहुंचाना है। ग्रामीण स्तर पर पानी, निकासी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज जिन योजनाओं की शुरुआत हुई है, उनसे स्थानीय निवासियों की दैनिक समस्याएं काफी हद तक दूर होंगी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व और सहयोग से पूरे क्षेत्र में विकास की गति को और तेज किया जाएगा।


जानकारी के अनुसार, 15वें वित्त आयोग के फंड से कुल 7 महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन किया गया है। इसके तहत वैद्यनाथपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत पांडवेश्वर माझ पाड़ा जल संयंत्र के विस्तार कार्य के लिए 1,50,000 की राशि आवंटित की गई है। वहीं नबग्राम ग्राम पंचायत के कुमार्डी इलाके में जलापूर्ति बेहतर करने के लिए 2 लाख रुपये की लागत से वाटर टैंक बनाया जाएगा। जल निकासी को दुरुस्त करने के लिए वैद्यनाथपुर ग्राम पंचायत के तहत ही अली हुसैन खान के घर से काली तल्ला की तरफ नाली निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

इसके साथ ही केंद्र ग्राम पंचायत के आमबागान क्षेत्र के पास 2,50,000 की अनुमानित लागत से पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। पानी की किल्लत को दूर करने के उद्देश्य से बहुला ग्राम पंचायत के जाम्बड़ इलाके में 3 लाख रुपये की लागत से सबमर्सिबल पंप लगाया जाएगा। परिवहन और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के लिए केंद्र ग्राम पंचायत के तहत आने वाले पांडवेश्वर ऑटो हब कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार और मरम्मत कार्य के लिए 1,70,215 रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अंत में, नबग्राम ग्राम पंचायत के तहत उदयन संघ के पास स्थित फुटबॉल ग्राउंड में 3,48,716 रुपये की लागत से एक सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में इन सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।

Post a Comment

0 Comments